नैनीताल में हुड़दंग के आरोप में पांच पर्यटकों पर कार्रवाई, थार सीज

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल में हुड़दंग के आरोप में पांच पर्यटकों पर कार्रवाई, थार सीज


नैनीताल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल-भवाली मार्ग पर स्टर्लिंग रिसॉर्ट के पास कथित रूप से शराब पीकर सड़क पर हुड़दंग करने और तेज आवाज में आपत्तिजनक गाने बजाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आये पांच पर्यटकों के विरुद्ध कार्रवाई की है। शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में थार चालक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया गया है, जबकि अन्य चार लोगों के उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालान किये गये हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग 12 बजे पर्यटकों ने अपनी थार जीप संख्या यूपी12बीएक्स-0950 को सड़क पर खड़ी कर महिला मित्र का जन्मदिन मनाया। इस दौरान सड़क पर केक काटने, शराब पीने और तेज आवाज में गाने बजाने का आरोप है। स्थानीय महिलाओं और निवासियों ने विरोध किया तो कथित तौर पर पर्यटकों ने उनसे बहस की और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। एक स्थानीय अधिवक्ता ने घटना का वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर भवाली और नैनीताल पुलिस मौके पर पहुंची। पांचों को चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया गया। पुलिस के अनुसार जांच में पर्यटकों के शराब के सेवन की पुष्टि हुई। थार चालक सचिन बालियान (24) निवासी देहरादून के विरुद्ध शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई कर वाहन सीज किया गया। साथ ही अन्य चार पर्यटकों अक्षी बालियान (28) और अंकित कुमार (30), निवासी मुजफ्फरनगर, अमन (26) निवासी हरियाणा तथा अस्मिता राय (24) निवासी आंबेडकरनगर उत्तर प्रदेश के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान किया गया।

पुलिस के अनुसार संबंधित लोगों ने लिखित में माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का आश्वासन दिया। इसके बाद चालान की कार्रवाई के बाद उन्हें छोड़ दिया गया, जबकि थार जीप सीज रही। वाहन पर पुलिस का स्टिकर लगा होने की बात भी सामने आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759397 Articles

Share this story