शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोपित व्यापारी नेता के बाउंसरों और निजी गनरों पर कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोपित व्यापारी नेता के बाउंसरों और निजी गनरों पर कार्रवाई


नैनीताल, 20 मई (हि.स.)। कोतवाली मल्लीताल में दर्ज एक युवती द्वारा लगाये गये आरोपों के प्रकरण में नैनीताल पुलिस ने आरोपित भवाली के व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे के साथ घूमने वाले बाउंसरों तथा निजी गनरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है।

लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन पर आरोपित बाउंसरों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत अभियोग दर्ज कर शस्त्र जब्त कर लिया गया है तथा लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है। इसके अतिरिक्त दो बाउंसरों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 172 के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 14 मई को एक युवती ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया गया था कि नरेश पांडे ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध स्थापित किए। इस आरोप पर कोतवाली मल्लीताल में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) एवं 69 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस इस मामले की विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर विवेचना कर रही थी।

इस दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि भवाली निवासी नरेश पांडे नाम का आरोपित बाउंसरों और हथियारबंद लोगों के साथ क्षेत्र में घूमकर भय एवं दहशत का माहौल बना रहा है। इसके आधार पर 19 मई को नरेश पांडे के साथ रहने वाले बाउंसरों एवं निजी गनरों को कोतवाली भवाली लाकर सत्यापन, शस्त्र लाइसेंस जांच एवं पूछताछ की गई। जांच में पाया गया कि जसपुर निवासी लखविंदर सिंह अपने निजी सुरक्षा हेतु जारी लाइसेंसी शस्त्र का उपयोग नरेश पाण्डे को सुरक्षा देने में कर रहा था।

पुलिस के अनुसार वह हथियारबंद होकर क्षेत्र में भय का वातावरण बना रहा था। लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत अभियोग दर्ज कर शस्त्र जब्त कर लिया गया है तथा लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

इसके अतिरिक्त विशेष नाग निवासी होशियारपुर पंजाब तथा मधुसूदन सिंह निवासी सिरौली अल्मोड़ा के विरुद्ध धारा 172 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के साथ हथियारबंद होकर घूमकर दहशत फैलाने वालों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अलबत्ता पुलिस ने अभी मुख्य आरोपित नरेश पांडे के विरुद्ध की गयी कार्रवाई की जानकारी नहीं दी है, जिसे मंगलवार को उसके घर से हिरासत में लिया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story