मानसून सत्र में बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर अधिशासी अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
मानसून सत्र में बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर अधिशासी अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई


नैनीताल, 05 अगस्त (हि.स.)। मानसून सत्र के दौरान शासकीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कोसी निर्माण सिंचाई खंड रामनगर के अधिशासी अभियंता अजय जॉन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही उनकी सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित किए जाने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मानसून सत्र तथा मुख्यमंत्री के गर्जिया-रामनगर भ्रमण को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अधिशासी अभियंता अजय जॉन 5 जुलाई 2026 को बिना अवकाश स्वीकृत कराए मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा। अपने उत्तर में अधिशासी अभियंता ने बिना अनुमति अनुपस्थित रहने की बात स्वीकार करते हुए अपने सगे मौसेरे भाई की पत्नी की गंभीर बीमारी को इसका कारण बताया।

जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित अधिकारी का यह कृत्य उत्तराखंड राज्य सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 2002 के नियम 03(1) एवं 03(2) का स्पष्ट उल्लंघन है। शासकीय आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता तथा दायित्वों के प्रति लापरवाही को गंभीर मानते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कराने के लिए शासन को सूचित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मानसून सत्र के दौरान बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story