बहादराबाद-धनौरी मार्ग पर सड़क हादसा, एक की मौत, एक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
बहादराबाद-धनौरी मार्ग पर सड़क हादसा, एक की मौत, एक गंभीर


हरिद्वार, 27 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के बहादराबाद-धनौरी मार्ग पर पथरी पुल के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन सामान्य गति से अपने मार्ग पर चल रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन सड़क पर पलट गया और उसमें सवार दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए।

हादसे में मेहवड़ कलां निवासी दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वरुण नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story