हाईवे पर कुत्ते को बचाने के प्रयास में रेलिंग से टकराई बाइक, युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
हाईवे पर कुत्ते को बचाने के प्रयास में रेलिंग से टकराई बाइक, युवक की मौत


हरिद्वार, 31 मार्च (हि.स.)। हाईवे पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार हादसा ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के हरिलोक तिराहे के पास बीती देर रात हुआ। मृतक की पहचान 30 वर्षीय शुभम कश्यप, निवासी मिस्सरपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुभम देर रात बाइक से हरिलोक तिराहे से अपने घर मिस्सरपुर लौट रहा था।

इसी दौरान हाईवे पर अचानक एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में शुभम का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि शुभम रेलिंग से टकराकर उल्टा लटक गया और बाइक भी आगे जाकर गिर गई।

घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल शुभम को सड़क किनारे लिटाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।

निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अचानक जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। ज्वालापुर कोतवाली में तैनात एसएसआई खेमेंद्र गंगवार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story