गंगा में बहते-बहते बची जान, हाथी पुल की जंजीर में फंसे हरियाणा निवासी का किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में बहते-बहते बची जान, हाथी पुल की जंजीर में फंसे हरियाणा निवासी का किया रेस्क्यू


हरिद्वार, 25 मई (हि.स.)। गंगा के तेज बहाव में बह रहे हरियाणा निवासी एक व्यक्ति की जान उस समय बाल-बाल बच गई, जब वह हाथी पुल क्षेत्र में लगी सुरक्षा जंजीर में फंस गया। मौके पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साहसिक रेस्क्यू कर व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल लिया।

सोमवार को हरियाणा के झज्जर निवासी 45 वर्षीय टीनू कुमार पुत्र महावीर सिंह गंगा में स्नान करने उतरे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। स्नान के दौरान अचानक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आने से वह बहने लगे और हाथी पुल क्षेत्र में लगी सुरक्षा जंजीर को पकड़कर किसी तरह लटक गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद एसडीआरएफ टीम सक्रिय हो गई। जवानों ने बिना समय गंवाए अत्यंत सतर्कता और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया तथा कड़ी मशक्कत के बाद व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद एसडीआरएफ कर्मियों ने व्यक्ति को प्राथमिक समझाइश देते हुए भविष्य में नशे की अवस्था में गंगा में स्नान न करने की सख्त चेतावनी दी। इसके बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों और साथियों के सुपुर्द कर दिया गया। इस साहसिक और त्वरित कार्रवाई के लिए परिजनों सहित मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने एसडीआरएफ टीम का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story