लोनिवि संविदा कर्मी की दुर्घटना में मौत

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 03 मार्च (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र स्थित आयरिश पुल पर सोमवार देर रात सड़क दुर्घटना में लोक निर्माण विभाग के संविदा कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरव बडोनी निवासी शिवालिक नगर, एस क्लस्टर, रानीपुर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरव बडोनी वर्तमान में पौड़ी गढ़वाल जनपद में लोक निर्माण विभाग में संविदा कर्मी के तौर पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह किसी कार्य से हरिद्वार आए हुए थे। देर रात जब वह आयरिश पुल के पास से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। पुलिस ने आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story