बाइक व बस की टक्कर में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
बाइक व बस की टक्कर में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर


हरिद्वार, 16 मार्च (हि.स.)। पथरी थाना क्षेत्र के फेरुपुर गांव में रविवार दोपहर तेज रफ्तार के कारण दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दोपहर के समय हरिद्वार की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रही महिंद्रा बस से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

रास्ते में ही वीर सिंह पुत्र महेंद्र, निवासी काशीपुर की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक संदीप पुत्र पुन्ना, निवासी धनपुरा गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार एम्स में चल रहा है। पुलिस ने दोनो वाहनों को कब्जे में ले लिया है।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक फेरुपुर निवासी एक व्यक्ति के यहां काम करते थे। बताया जा रहा है कि वीर सिंह करीब 20 दिन पहले ही काम पर आया था, जो जेसीबी मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्य करता था, जबकि संदीप पेट्रोल पंप पर काम करता है।

मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के बहनोई राजू के अनुसार वीर सिंह परिवार का इकलौता कमाने वाला था और उसकी चार साल की एक बेटी है। युवक की मौत से परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थानाध्यक्ष पथरी मनोज नौटियाल ने बताया कि फेरुपुर में बाइक और महिंद्रा बस की टक्कर में वीर सिंह की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि उसका साथी संदीप गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज हायर सेंटर में चल रहा है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story