नहर में गिरी कार में दो युवकों की मौत, परिजनों ने की शिनाख्त
हरिद्वार, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मंगलौर मोड़ स्थित राणा स्टील फैक्ट्री के पास नहर पटरी किनारे शनिवार प्रातः एक सफेद रंग की कार क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी मिली। कार का आधा हिस्सा नहर में डूबा था और आधा बाहर झाड़ियों में था। जिसमें दो युवक मृत पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब पौने आठ बजे चेतक मोबाइल के कांस्टेबल दिनेश चौहान को स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई कि नहर किनारे एक कार संख्या यूके 17 डब्ल्यू दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है और उसमें दो व्यक्ति मृत अवस्था में हैं।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राकेश डिमरी मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे। दोनों मृतकों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सरकारी अस्पताल रुड़की की मोर्चरी में रखवाया तथा शिनाख्त के लिए सीसीआर,डीसीआर को अवगत कराया गया। कुछ ही देर बाद मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे।
रूबी पत्नी सचिन धीमान निवासी गणेशपुर रुड़की ने एक मृतक की पहचान अपने पति सचिन धीमान(38) पुत्र सुरेंद्र धीमान के रूप में की। वहीं विकास त्यागी पुत्र ब्रजभूषण त्यागी निवासी गली नंबर 10, राजेंद्र नगर रुड़की ने दूसरे मृतक की पहचान अपने भाई अमन त्यागी(35) के रूप में हुई। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस की प्रारम्भिक जांच में यह हादसा सड़क दुर्घटना का लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

