सतपुली में युवक ने की आत्महत्या, थानाध्यक्ष लाइन हाजिर

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 02 मई (हि.स.)। सतपुली रायपुर पुल के पास एक युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार 112 के माध्यम से शनिवार सुबह सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक पुल पर लटका हुआ है। युवक की पहचान पंकज कुमार पुत्र स्व प्रकाश चंद्र ग्राम रेतपुर उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई । पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, एसएसपी पौड़ी ने इस मामले में जांच पूरी होने तक थानाध्यक्ष सतपुली को अग्रिम आदेशों तक लाइन हाजिर कर दिया है।

एसएसपी ने बताया कि मामले में जांच अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को सौंपी गई है। मामले में सभी प्रकार के साक्ष्यों का जुटाने का काम किया जा रहा है। बताया कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आत्महत्या करने से पहले सोशल मीडिया पर युवक ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें सतपुली थाने व थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं ।

वही, एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया की शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि सतपुली रायपुर गांव स्थित पुल पर एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई है। बताया कि सूचना पर थाना सतपुली से पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस टीम,एसडीआरएफ एवं फायर कर्मियों द्वारा शव को सावधानीपूर्वक नीचे उतारा गया। घटनास्थल पर मृतक के परिजन एवं स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे।

मौके पर एफएसएल टीम द्वारा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने के साथ साथ साक्ष्यों का संकलन भी किया गया। पुलिस टीम द्वारा मृतक का पंचायतनामा भरने के उपरांत शव को पोस्टमार्टम हेतु राजकीय चिकित्सालय, कोटद्वार भेजा गया है जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। बताा कि मृतक की पहचान पंकज कुमार, निवासी- रैतपुर, सतपुली पौड़ी गढ़वाल, उम्र लगभग 20 वर्ष के रूप में हुई है।

बताया कि मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को सौंपी गई है। एसएसपी के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि बीती 1 मई को मृतक पंकज कुमार द्वारा शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए एक स्थानीय चिकित्सक को टक्कर मार दी गई थी, जिससे चिकित्सक घायल हो गए व स्वयं मृतक भी वाहन से गिरकर चोटिल हुआ था पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा युवक का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया जिसमें युवक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिससे युवक द्वारा शराब के नशे में मोटर साइकिल चलायी जा रही थी इसके आधार पर मृतक पंकज कुमार की मोटरसाइकिल को नियमानुसार सीज किया गया। इसके बाद मृतक के परिजनों (माता एवं चाचा) को थाने पर बुलाकर युवक को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया।

घटना में घायल चिकित्सक और युवक का आपसी समझौता होने पर दोनों पक्षों द्वारा किसी प्रकार की वैधानिक कार्रवाई की इच्छा व्यक्त नहीं की गई। बताया कि युवक की इस आत्महत्या की घटना के संबंध में पुलिस द्वारा सभी संभावित पहलुओं को देखते हुए हुए गहनता से जांच करने के साथ साथ युवक द्वारा लगाये गये आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story