अलकनंदा उफान पर, श्रीनगर में चेतावनी स्तर के करीब पहुंचा जलस्तर

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 30 जुलाई (हि.स.)। गुरुवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा। रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बीच अलकनंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर 12 बजे तक नदी का जलस्तर 534.24 मीटर दर्ज किया गया, जो 535 मीटर के चेतावनी स्तर से महज 0.76 मीटर नीचे है। इससे प्रशासन की सतर्कता बढ़ गई है।

सिंचाई विभाग के अनुसार नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की प्रवृत्ति में है, जबकि खतरे का स्तर 536 मीटर निर्धारित है। बीते 24 घंटे में श्रीनगर क्षेत्र में 5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग द्वारा आगामी घंटों में भी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे नदी के जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं से सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से नदी के तटों पर न जाने की अपील की है। संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जलस्तर की पल-पल निगरानी की जा रही है। यदि बारिश का दौर जारी रहता है तो अलकनंदा चेतावनी स्तर को पार कर सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story