स्वास्थ्य शिविरों में 7663 लोगों की हुई कैंसर स्क्रीनिंग

WhatsApp Channel Join Now

रुद्रप्रयाग, 29 सितंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग के स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में अब तक 7663 लोगों की कैंसर की स्क्रीनिंग करने सहित कुल 21511 लोगों की विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई हैं। अभियान के अंतिम दिन 02 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय कोटेश्वर में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश ने बताया कि जनपद में 17 सितंबर से चल रहे अभियान के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला चिकित्सालय व श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के सहयोग से आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों में अब तक 21511 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई।

बताया कि 7663 लोगों की कैंसर की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 44 की र्स्वाइकल कैंसर, 2247 की स्तन कैंसर व 5372 की ओरल (मुंह) कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही 1885 गर्भवती महिलाओं की जांच, 193 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, 3247 किशोर-किशोरियों की हीमोग्लोबिन जांच, आभा, पीएम जेएवाई कार्ड 88 व विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों से संबंधित 9281 की काउंसलिंग, 5235 की टीबी स्क्रीनिंग, 130 निक्षय मित्र पंजीकरण के अलावा, 616 के एक्स-रे व 107 की अत्याधुनिक तकनीक नॉट द्वारा बलगम जांच की गई है।

वहीं, आरबीएसके व आरकेएसके टीमों द्वार जनता इंटर कॉलेज देवीधार व जीआईसी गणेशनगर, जीआईसी गुप्तकाशी, जीआईसी त्यूंखर में कैंप लगाकर किशोर-किशोरियों की अनीमिया जांच की गई साथ ही पोषण व माहवारी स्वच्छता पर परामर्श सत्र का आयोजन कर काउंसलिंग की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताय कि अभियान के तहत अंतिम दिन 02 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय कोटेश्वर में विशेषज्ञ शिविर का आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / दीप्ति

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story