कैंची धाम में स्पेशल ट्रैफिक प्लान लागू

WhatsApp Channel Join Now
कैंची धाम में स्पेशल ट्रैफिक प्लान लागू


हल्द्वानी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस के विशेष यातायात व्यवस्था का असर वीकेंड पर हाईवे व कैंची धाम में दिखना शुरु हो गया। जहां अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित तमाम बाजारों में एक ओर सन्नाटा है, वहीं पहले की अपेक्षा कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की भीड़ सीमित हो गई।

साढ़े बारह बजे तक साढ़े सात हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दर पर शीश झुकाए। पुलिस के कई बड़े अधिकारियों के साथ ही क्यूआरटी के जवान भी कैंची क्षेत्र में डटे हुए हैं। कैंची से आगे के बाजार क्षेत्रों में सन्नाटा पसर जाने से व्यापारियों मायूस हैं।

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम आश्रम में हजारों की संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को देख पुलिस ने इस वीकेंड विशेष यातायात प्लान लागू किया है। पिछले दिनों भारी संख्या में भीड़ पहुंचने से यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई थी।

जाम के कारण हाईवे पर आवाजाही करने वाले यात्रियों व पर्यटकों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार के लिए यातायात प्लान जारी होने के बाद हाईवे पर सन्नाटा पसरा रहा। भवाली से शटल सेवा के जरिए श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचे।

दोपहर साढ़े बारह बजे तक साढ़े सात हजार श्रद्धालुओं ने आश्रम में प्रवेश किया। पुलिस के कई आला अधिकारियों भी सुबह से ही कैंची क्षेत्र में डट गए। पहली बार क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) की तैनाती भी कैंची क्षेत्र में की गई है। हाईवे पर यातायात व्यवस्था भी सामान्य बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story