नैनीताल जनपद में 8 से 16 तक चलेगा विशेष सफाई अभियान

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल जनपद में 8 से 16 तक चलेगा विशेष सफाई अभियान


नैनीताल, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में नैनीताल जनपद में 8 से 16 अगस्त तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अभियान के सफल संचालन के लिए शहरी, ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें गठित करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित अवधि में व्यापक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान हल्द्वानी-रामनगर, हल्द्वानी-नैनीताल, हल्द्वानी-खैरना (भीमताल मार्ग), कालाढूंगी-नैनीताल सहित जनपद के प्रमुख मोटर मार्गों तथा अन्य संपर्क मार्गों पर विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत मार्गों के किनारे फैले कचरे का निस्तारण किया जाएगा तथा साफ-सफाई की नियमित निगरानी भी की जाएगी। जिलाधिकारी ने अभियान के संचालन के लिए तीन स्तरीय टीमों का गठन किया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायतीराज अधिकारी तथा सभी खंड विकास अधिकारी अभियान का संचालन करेंगे। शहरी क्षेत्रों में नगर आयुक्त हल्द्वानी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी तथा सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी जिम्मेदारी निभाएंगे। वन क्षेत्रों में प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल सहित सभी प्रभागीय वनाधिकारी अभियान की निगरानी करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी टीमें निर्धारित अवधि में अपने तय क्षेत्रों में अभियान संचालित कर उसकी सूचना संकलित करें, ताकि उच्च न्यायालय में शपथपत्र के माध्यम से अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जा सके।

जिलाधिकारी ने अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए नगर निकायों के महापौर, अध्यक्ष, पार्षद, सभासद, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा अन्य जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सरकारी संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला एवं युवक मंगल दलों, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी और एनएसएस की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story