सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी दंपति ने किया महादेवी सृजन पीठ का भ्रमण

WhatsApp Channel Join Now
सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी दंपति ने किया महादेवी सृजन पीठ का भ्रमण


नैनीताल, 19 मई (हि.स.)। महादेवी वर्मा सृजन पीठ रामगढ़ में मंगलवार को भारत सरकार के न्याय विभाग में सचिव, विभिन्न केन्द्र शासित प्रदेशों में चुनाव आयुक्त तथा इनलैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष रह चुकी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी भूपिंदर प्रसाद और नेपाल, अफगानिस्तान एवं जेनेवा में भारत के राजदूत रह चुके सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी जयंत प्रसाद ने भ्रमण किया। दोनों अधिकारियों ने सृजन पीठ के संरक्षण और रखरखाव की सराहना की।

भूपिंदर प्रसाद ने महादेवी वर्मा सृजन पीठ को लेखकों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए परिसर में निर्मित अमृतलाल नागर मेमोरियल राइटर्स होम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यहां लेखक उस प्राकृतिक परिवेश का अनुभव कर सकेंगे, जिसने महादेवी वर्मा को आकर्षित किया था। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित महादेवी वर्मा की दुर्लभ पेंटिंग के वैज्ञानिक संरक्षण की आवश्यकता पर भी बल दिया। वहीं जयंत प्रसाद ने ‘मीरा कुटीर’ को उसके मूल स्वरूप में संरक्षित रखने के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सृजन पीठ के समन्वयक मोहन सिंह रावत ने अतिथियों को ‘मीरा कुटीर’ के इतिहास, सृजन पीठ की गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में पीठ कर्मी बहादुर सिंह कुंवर भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story