नई टिहरी के इणियां में ही बनेगा मेडिकल कॉलेजः किशोर

WhatsApp Channel Join Now
नई टिहरी के इणियां में ही बनेगा मेडिकल कॉलेजः किशोर


नई टिहरी, 27 अगस्त (हि.स.)। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने जनता को आश्वस्त किया कि नई टिहरी के इणियां में ही मेडिकल कॉलेज बनेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी संघर्ष समिति के सम्मुख यह बात कही है। कहा कि उम्मीद है कि अक्तूबर माह तक इस बड़ी परियोजना का शिलान्यास हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल बौराड़ी में सीसीयू (क्रिटिकल केयर यूनिट) भी बनाई जाएगी।

वीरवार को पत्रकार वार्ता में विधायक किशोर ने कहा कि इणियां में करीब 14 हेक्टेयर भूमि का मेडिकल कॉलेज के लिए चिन्हीकरण हो गया है। जिसमें कुछ जमीन राजस्व और कुछ टीएचडीसी के अधीन है। जमीन को विभाग के नाम पर हस्तांतरण की कार्यवाही डीएम स्तर से हो रही है। टीएचडीसी के अधीन वाली जमीन का कुछ काश्तकारों को मुआवजा नहीं मिला है, इसका भी प्रशासन स्तर पर हल निकाल रहे हैं।

विधायक ने कहा कि सीएम घोषणा के अनुरूप यह कार्य किया जा रहा है। टीएचडीसी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का निर्माण करेगी जिसका संचालन राज्य सरकार करेगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के लिए एक स्वर में संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और जनप्रतिनिधियों का भी आभार जताया। कहा कि टीएचडीसी के अलावा अन्य पीएसयू भी सीएसआर से निर्माण के लिए मदद करने को तैयार हैं।

वहीं जाखणीधार के आयुष अस्पताल के बाबत उन्होंने कहा कि लामरीधार में जगह न होने के कारण प्रशासन और विभाग की रिपोर्ट पर इसे अन्यत्र बना रहे हैं। उन्होंने तो स्वयं पूर्व विधायक धन सिंह नेगी के नेतृत्व में इसके निर्माण की पैरवी की थी। वहीं केंद्रीय मंत्री आरके सिंह की घोषणा के बावजूद कोटी कालोनी में वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स एकेडमी न बनने पर निराशा जताई। इस मौके पर राजेंद्र डोभाल, संदीप, मुनेंद्र भट्ट मौजूद थे।

फोटो-27एनटीएच01

नई टिहरी में पत्रकार वार्ता करते विधायक किशोर उपाध्याय।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story