यूकेडी ने चुनाव के लिए कार्यककर्ताओं से जुटने का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 22 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने चुनाव के लिए अपने संगठन काे मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। रविवार को प्रेक्षागृह में सदस्यता अभियान के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस माैके पर बड़ी संख्या में लोगों ने यूकेडी की सदस्यता ली। यूकेडी के पदाधिकारियों ने सभी से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया और भाजपा व कांग्रेस की गलत नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही।

कार्यक्रम में संगठन के केंद्रीय उपाध्यक्ष सुनील कोटनाला ने कहा कि राज्यगठन के बाद सबसे बड़ी उपेक्षा पौड़ी की गई जबकि पौड़ी से ही राज्यआंदोलन की शुरूआत हुई। उन्हाेंने कहा कि राज्यगठन में यूकेडी ने अहम भूमिका निभाई। राज्य गठन के बाद भाजपा व कांग्रेस ने प्रदेश में राज किया लेकिन लगातार मूल निवासियों की उपेक्षा की गई। मंडल मुख्यालय पौड़ी की लगातार उपेक्षा से आज पौड़ी बदहाल स्थिति में है। युवा रोजगार तो अन्य लोग बेहतर स्वास्थ्य व शिक्षा की तलाश में पलायन करने को मजबूर है लेकिन सरकार इस ओर कोई कदम नहीं उठा रही है।

दल के केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी, शांति प्रसाद भटट ने कहा कि इन पच्चीस सालों में मूलनिवासियों की भारी उपेक्षा की गई। यूकेडी ही इस प्रदेश का विकास कर सकती है। आज प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग यूकेडी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि सरकार की नाकामियों के चलते मंडलीय अफसर पौड़ी मंडल मुख्यालय में बैठने को तैयार नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से विधानसभा की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्हाेंने कहा कि जिस भी प्रत्याशी को पार्टी टिकट देगी उसको जिताने के लिए एकजुट होकर प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने यूकेडी की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर पार्टी के प्रवक्ता जबर सिंह रावत, पौड़ी जिलाप्रभारी समीर मुंडेपी, महिला प्रकोष्ठ की गढ़वाल मंडल प्रभारी सरस्वती देवी, कार्यालय प्रभारी देवचंद उत्तराखंडी, महानगर अध्यक्ष नितिन नेगी, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गौरव चंदोला, कोट ब्लाक अध्यक्ष प्रकाश बेलवाल, पौड़ी ब्लाक अध्यक्ष अजय चंदोला, रविंद्र सिंह, पंकज, हरीश पोखरियाल, अर्जुन सिंह नेगी, जवाहरलाल भटट, संतोष डोभाल, नीरजा खुगशाल, लक्ष्मी भटट, किरन कैंतुरा, प्रीति रावत, मीना रावत, विक्रम सिंह रावत आदि शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story