सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 27 जुलाई (हि.स.)। सावन के दूसरे सोमवार पर जनपद मुख्यालय सहित आसपास के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। दिनभर मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गुंजायमान रहे।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा एवं पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कई मंदिरों में भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों ने दर्शन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की।

सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। ऐसे में दूसरे सोमवार को पौड़ी के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर क्षेत्र की गहरी धार्मिक आस्था और शिवभक्ति का परिचय दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story