रन फॉर योग रैली से दिया स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
पौड़ी गढ़वाल, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला प्रशासन, आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य रन फॉर योग रैली का आयोजन किया गया। युवाओं, छात्र-छात्राओं, अधिकारियों व कर्मचारियों के जोश और उत्साह से सराबोर इस रैली ने पूरे नगर में योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता का संदेश फैलाया।
आज आयोजित रैली को एजेंसी चौक से स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी और अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली एजेंसी चौक से प्रारंभ होकर माल रोड, बस अड्डा, धारा रोड एवं कलेक्ट्रेट परिसर होते हुए पुनः एजेंसी चौक पहुंची। योग के महत्व से जुड़े संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान विधायक ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।
सीडीओ ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा प्रदान की। प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प भी लिया।
इस मौके पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. शैलेंद्र पांडेय, डीईओ माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डा. राकेश सेमवाल आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

