36 सदस्यीय यात्री दल कैंची और जागेश्वर धाम के लिए किया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
36 सदस्यीय यात्री दल कैंची और जागेश्वर धाम के लिए किया रवाना


नई टिहरी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत जनपद के घनसाली तहसील क्षेत्र से 36 सदस्यीय श्रद्धालुओं का दल चार दिवसीय धार्मिक यात्रा के लिए कैंची और जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ। जिसमें 19 पुरुष और 17 महिलाएं शामिल हैं।

मंगलवार को ढुंग-मंदार पट्टी के ग्राम भटवाड़ा की प्रधान मनीषा भट्ट ने सेमंडीधार में यात्री दल की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु कैंची धाम, जागेश्वर धाम और आसपास के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बस की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रा के दौरान दल के साथ एक गाइड भी रहेगा।

श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी सरकार ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल विकास निगम में कराई है। राणा ने बताया कि इस वर्ष में योजना के तहत अब तक जिले से 150 से अधिक श्रद्धालुओं को बदरीनाथ, गंगोत्री, रीठा मीठा साहिब, जागेश्वर, कालीमठ, गंगोलीहाट सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है। योजना का उद्देश्य 60 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767604 Articles

Share this story