मृत बकरी का मांस खाने से सिरोला गांव में 35 लोग बीमार

WhatsApp Channel Join Now
मृत बकरी का मांस खाने से सिरोला गांव में 35 लोग बीमार


नई टिहरी, 06 सितंबर (हि.स.)। कीर्तिनगर ब्लॉक के सिरोला गांव में मृत बकरी का मांस खाने के बाद करीब 35 लोगों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। बीमार लोगों को उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती कराया गया है।

बीते शनिवार की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की भूमिका को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में ही स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय निगरानी की तत्काल जरूरत है। जिला पंचायत सदस्य चिलेडी उत्तम सिंह असवाल ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी कीर्तिनगर से सिरोला गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाने की मांग की है।

कहा कि गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर ग्रामीणों की जांच की जाए, ताकि बीमार लोगों का समय पर उपचार हो सके और बीमारी के संभावित संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। जिला पंचायत सदस्य कविता देवी ने बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से भी स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story