26 अगस्त को कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन, लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
देहरादून, 24 अगस्त (हि.स.)। टपकेश्वर शोभायात्रा के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने 26 अगस्त के लिए यातायात प्लान जारी किया है। शोभायात्रा सुबह 10 बजे शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पल्टन बाजार, घंटाघर, बिंदाल, कैंट क्षेत्र, डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा के दौरान यातायात को आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार शोभायात्रा के शिवाजी धर्मशाला से रवाना होने पर निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को जीएमएस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन से आने वाले वाहनों को रोक-रोककर आगे बढ़ाया जाएगा।
शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पहुंचने से पहले बल्लीवाला और लक्ष्मण चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को रोका जाएगा। बल्लीवाला से यातायात कमला पैलेस और लक्ष्मण चौक से पार्क रोड की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के झंडा बाजार में प्रवेश करने के बाद सहारनपुर चौक पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
शोभायात्रा के घंटाघर पहुंचने पर चकराता रोड की ओर जाने वाले यातायात को दिलाराम चौक की ओर से भेजा जाएगा। बल्लूपुर की ओर से आने वाले वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार बल्लूपुर, किशननगर चौक, बिंदाल चौकी कट, बिंदाल और कैंट क्षेत्र होते हुए दिलाराम चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा बिंदाल कट पार करने के बाद संबंधित डायवर्जन सामान्य कर दिए जाएंगे।
शोभायात्रा के पोस्ट ऑफिस पहुंचने पर वाटिका तिराहा से आने वाले यातायात को आकाशगंगा तिराहा होते हुए पोस्ट ऑफिस की ओर भेजा जाएगा, जबकि पोस्ट ऑफिस से वाटिका तिराहा जाने वाले वाहनों को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा डाकरा रोड पार करने के बाद यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
प्रमुख बैरियर/डायवर्जन प्वाइंट में पटेलनगर मंडी,बल्लीवाला चौक,मातावाला बाग तिराहा,बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक,दर्शनलाल चौक,प्रिंस चौक और घंटाघर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को आवागमन की अनुमति दी जाएगी। वाहन चालकों से दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक घंटाघर, चकराता रोड और बल्लूपुर से घंटाघर मार्ग का उपयोग नहीं करने तथा वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है।
शोभायात्रा के मद्देनजर सभी प्रकार के लोडिंग वाहनों का सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक शहर क्षेत्र में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से शोभायात्रा के निर्धारित मार्गों से बचने और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक एवं डायवर्जन मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

