20 नवंबर तक प्रदेशभर में हस्ताक्षर जुटाएगी कांग्रेस, राज्यपाल को सौंपेगी ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
20 नवंबर तक प्रदेशभर में हस्ताक्षर जुटाएगी कांग्रेस, राज्यपाल को सौंपेगी ज्ञापन


पौड़ी गढ़वाल, 10 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार के खिलाफ राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों को लेकर हस्ताक्षर अभियान पखवाड़े की शुरुआत की है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रीनगर के गोला पार्क से अभियान का शुभारंभ किया।

उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रदेशभर में गांवों, कस्बों, बाजारों और शहरी क्षेत्रों तक अभियान पहुंचाने का आह्वान किया। गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक उत्पीड़न का सामना कर रही है। उन्होंने सरकार पर अंकिता भंडारी प्रकरण के आरोपियों को बचाने, प्रदेश की जमीनों और नौकरियों को बेचने तथा आय से अधिक संपत्ति के मामलों में मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई रोकने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर जनता में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत निर्धारित बैनर और पंजीकरण शीट पर लोगों के हस्ताक्षर कराए जाएंगे। इसमें लोग अपना नाम और मोबाइल नंबर भी दर्ज करेंगे। एकत्रित हस्ताक्षरों के माध्यम से राज्यपाल का ध्यान प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों की ओर आकर्षित किया जाएगा।

गोदियाल ने जिला और ब्लॉक अध्यक्षों समेत संगठन के सभी पदाधिकारियों से अपील की कि अभियान के तहत जुटाए गए हस्ताक्षरों को 20 नवंबर तक देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जमा कराएं, ताकि इन्हें राज्यपाल को सौंपा जा सके। इस दौरान जिलाध्यक्ष पौड़ी विनोद नेगी, महानगर श्रीनगर अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल, महिला अध्यक्ष अंजू भट्ट, अरूणा कुमार, वीरेंद्र नेगी, सुधांशु नौडियाल, सूरज नेगी और प्रियांशु मुयाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774813 Articles

Share this story