15वीं नैनीताल मानसून माउंटेन मैराथन में प्रभु और ज्योति ने मारी बाजी
नैनीताल, 30 अगस्त (हि.स.)। खेलों, विशेषकर दौड़ के लिये समर्पित संस्था ‘रन टू लिव’ के तत्वावधान में रविवार को लगातार 15वें वर्ष में नैनीताल मानसून माउंटेन मैराथन प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें 1400 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मैराथन के पुरुष वर्ग में प्रभु महतो और महिला वर्ग में ज्योति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पिछले 15 वर्षों से अगस्त माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाली नैनीताल मानसून माउंटेन मैराथन का शुभारंभ सुबह सात बजे हुआ। सबसे पहले हुई 21 किलोमीटर की मैराथन दौड़ में 210 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके बाद लघु दौड़ में 250, पांच किलोमीटर की दौड़ में 200 और 10 किलोमीटर की दौड़ में 240 धावक शामिल हुए। अंत में ‘रन फॉर फन’ में 500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।
खुले पुरुष वर्ग की 21 किलोमीटर दौड़ में प्रभु महतो प्रथम, जॉन किसीलु द्वितीय, मुकेश बोरा तृतीय, कुलदीप नेगी चतुर्थ और मनप्रीत सिंह पांचवें स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में ज्योति प्रथम, भावना नेगी द्वितीय, एकता रावत तृतीय और उषा चतुर्थ रहीं। 40 वर्ष से अधिक आयु के पुरुषों के वर्ग में हरप्रीत सिंह प्रथम, कलाम बिष्ट द्वितीय और बिनय साह तृतीय रहे, जबकि महिला वर्ग में लीला साह प्रथम, भूमिका रावत द्वितीय और कल्पना तृतीय रहीं।
वहीं 50 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष वर्ग में नंदन सिंह प्रथम, तारा बहादुर थापा द्वितीय और सुनील कुमार तृतीय रहे। महिला वर्ग में वंदना सिंह प्रथम, इंदिरा दीवान गहलोत द्वितीय और स्मृति नेगी तृतीय रहीं। मुख्य अतिथि उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, नगर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और उत्तराखंड विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य प्रदीप मणि सहित अन्य लोगों ने पुरस्कार वितरित किये।
संचालन नवीन पांडे ने किया। आयोजन में संस्थाध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय धावक ललित तिवारी के नेतृत्व में उनकी पूरी टीम जुटी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

