विश्व के प्रथम आर्य समाज मंदिर नैनीताल का 152वां वार्षिक उत्सव आरंभ

WhatsApp Channel Join Now
विश्व के प्रथम आर्य समाज मंदिर नैनीताल का 152वां वार्षिक उत्सव आरंभ


नैनीताल, 21 मई (हि.स.)। नैनीताल के मल्लीताल में स्थित विश्व के प्रथम आर्य समाज मंदिर का 152वां वार्षिक उत्सव चारों वेदों के मंत्रोच्चारण एवं विश्व शांति यज्ञ के साथ प्रारम्भ हो गया है। इस अवसर पर कहा गया कि वर्तमान समय में विश्व युद्ध और अशांति के वातावरण से गुजर रहा है, ऐसे में विश्व शांति और मानव कल्याण की भावना से विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया है, जिसकी पूर्णाहुति आगामी 22 मई को होगी। बताया गया कि सायंकालीन यज्ञ एवं अन्य कार्यक्रम भी इस दौरान आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में आचार्य अनुज शास्त्री ने यज्ञ के ब्रह्मा के रूप में वैदिक उपदेश दिए, जबकि संगीताचार्य संगीता आर्य और कुलदीप आर्य ने भजनों के माध्यम से त्याग, शांति और मानव कल्याण का संदेश दिया। उत्सव के दौरान मुख्य यजमान के रूप में सुशील नागपाल, हर्षवर्धन द्वावड़ा, विनोद आर्य एवं सुबोध छावड़ा ने सहभागिता की।

दूसरे दिन देवांश कंसल पत्नी सहित मुख्य यजमान बने, जबकि रेखा कंसल, शुभ्रा कंसल एवं मंजू कंसल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी आहुतियां देकर विश्व कल्याण की प्रार्थना की। आचार्य अनुज शास्त्री ने परिवारों को संस्कारवान एवं संकल्पशील बनाने पर बल दिया। संगीताचार्य कुलदीप आर्य ने भजनों के माध्यम से पंच महायज्ञों की महत्ता बताई।

कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं स्वयंसेवकों ने भाग लिया। आर्य समाज के सचिव केदार सिंह ने सभी सहयोगियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story