हरिद्वार जिले में 16 शिक्षकों की सेवा समाप्त, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
हरिद्वार, 09 मई (हि.स.)। जनपद के शिक्षा विभाग में उस समय हड़कंप मच गया, जब नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश के बाद जनपद में 16 और लक्सर ब्लॉक में तैनात 9 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
2018-19 शिक्षक भर्ती से जुड़ा है मामला
पूरा मामला वर्ष 2018-19 में हुई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। भर्ती नियमों के अनुसार बीएड के साथ स्नातक में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य था।
बताया गया कि कई अभ्यर्थियों के स्नातक में निर्धारित प्रतिशत से कम अंक थे, बावजूद इसके उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में आवेदन किया। शिक्षा विभाग ने प्रारंभिक जांच में ऐसे आवेदनों को निरस्त कर दिया था। इसके बाद अभ्यर्थियों ने नैनीताल हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
मामला न्यायालय में विचाराधीन रहने के दौरान हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के आधार पर इन अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया और बाद में उन्हें शिक्षक के रूप में नियुक्ति भी दे दी गई। तब से ये शिक्षक विभिन्न विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
नैनीताल हाईकोर्ट ने अंतिम फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित अंकों से कम योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भर्ती के लिए पात्र नहीं माने जा सकते। हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने कुल 16 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं, जिनमें लक्सर ब्लॉक में तैनात 9 शिक्षक शामिल हैं।
इन शिक्षकों में 5 उर्दू विषय के शिक्षक हैं, जबकि 4 अन्य विषयों से जुड़े शिक्षक बताए जा रहे हैं। लक्सर के खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि नैनीताल हाईकोर्ट के अंतिम आदेश के अनुपालन में शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

