हजाराग्रांट आंगनवाड़ी केंद्र में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
हजाराग्रांट आंगनवाड़ी केंद्र में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम


हरिद्वार, 05 मई (हि.स.)। बहादराबाद ब्लॉक के हजाराग्रांट स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विश्व हाथ स्वच्छता दिवस के अवसर पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य बच्चों और माताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं माताओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही हाथ धोने की सही विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने से कई संक्रामक बीमारियों से प्रभावी रूप से बचा जा सकता है।

इस अवसर पर बच्चों को स्वच्छता किट वितरित की गई, जिसमें टूथपेस्ट, टूथब्रश, साबुन, नेल कटर और तेल जैसी दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल रही। इसका उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता की आदतों को विकसित करना और उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से स्वच्छता के महत्व पर प्रस्तुति भी दी गई। इस दौरान डॉ. बेबी यादव ने बच्चों और माताओं को स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए स्वस्थ रहने के उपाय बताए।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान ममतेश की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही ग्राम सभा के अंतर्गत आने वाली तीनों आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्त्रियों रीता चौधरी, संगीता देवी और संगीताकृने सक्रिय भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।

ग्राम प्रधान ममतेश ने रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान तथा पेनासोनिक लाईफ सोल्यूशन इण्डिया का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story