स्वायत्त सहकारिताओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम, शैक्षणिक भ्रमण दल रवाना

WhatsApp Channel Join Now
स्वायत्त सहकारिताओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम, शैक्षणिक भ्रमण दल रवाना


हरिद्वार, 27 मार्च (हि.स.)। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में ग्रामोत्थान-रीप परियोजना हरिद्वार द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत स्वायत्त सहकारिताओं के प्रतिनिधियों, किसानों और उद्यमियों के लिए तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत मीठी गंगा कृषक उत्पादक संगठन से जुड़े मधुमक्खी पालकों के एक दल को हरियाणा के धरोंदा स्थित एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केंद्र भेजा गया है। वहां प्रतिभागियों को उन्नत मधुमक्खी पालन तकनीक, उत्पादन प्रबंधन तथा शहद के आधुनिक विपणन तरीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र और परियोजना निदेशक नलिनीत घिण्डियाल के मार्गदर्शन में जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना ने भ्रमण दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना ने बताया कि नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल जनपदों के लिए भी अध्ययन दल भेजे गए हैं। ये दल विभिन्न सफल आजीविका मॉडलों का अध्ययन करेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और व्यवसायिक गतिविधियों को नई दिशा मिल सकेगी।

कार्यक्रम को लेकर प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखा गया और इसे उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर बताया गया। इस अवसर पर परियोजना के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story