स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर स्वच्छता के प्रति बढ़ाएं जागरूकताः डीएम
नई टिहरी, 05 नवंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर समीक्षा की गई। सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ बीडब्ल्यूजी पंजीकरण और उससे संबंधित कार्यवाही, चालान, लिगेसी वेस्ट, कूड़ा एकत्रीकरण प्लांट की स्थिति, कूड़ा वाहनों में जीपीएस और निकायों में आरआरआर सेंटर की स्थापना करने पर चर्चा की गई।
वीरवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में चंबा के अधिशासी अधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि जिले में कुल 1466 चालान किए गए हैं, जिनमें सर्वाधिक चंबा में 297, मुनिकीरेती-ढालवाला में 249 और नरेंद्रनगर में सबसे कम 24 चालान किए गए हैं। सभी निकायों को चालान की संख्या बढ़ाने के साथ ही प्रभावी चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बताया गया कि सितंबर 2026 में रिंग फेंस्ड अकाउंट से सभी निकायों को कूड़ा वाहनों में चार कंपार्टमेंट और जीपीएस स्थापित करने के लिए धनराशि उपलब्ध कराई गई है। डीएम ने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर स्वच्छता के प्रति जागरुकता बढ़ाने और संबंधित क्षेत्रों से लिगेसी वेस्ट हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी निकायों में कूड़ा संवेदनशील स्थल चिन्हित कर फोटोग्राफ के साथ अगली बैठक में उसका विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, डीडीओ मो. असलम, ईओ चंबा प्रशांत चौधरी, गजा के ईओ रोहित आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

