स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चला विशेष जांच अभियान

WhatsApp Channel Join Now
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चला विशेष जांच अभियान


पौड़ी गढ़वाल, 18 नवंबर (हि.स.)। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कोटद्वार में स्कूल बसों, स्कूल वैन और बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले अन्य वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के क्रम में 16 से 22 नवंबर तक संचालित इस अभियान के तहत वाहनों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

अभियान के दौरान विभिन्न कमियां पाए जाने पर 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि फिटनेस समाप्त होने पर एक वाहन को सीज किया गया। जांच के दौरान कुछ वाहनों की फिटनेस अवधि समाप्त पाई गई, जबकि कुछ में सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा वाहनों के बीमा प्रमाणपत्रों में कमियां, खराब सीटें तथा जीपीएस और एसएलडी उपकरणों का अभाव भी सामने आया। टीम ने स्कूलों में संचालित वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की।

फिटनेस समाप्त पाए जाने पर सीज किए गए वाहन में सवार सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से दूसरी बस में स्थानांतरित किया गया, ताकि उनकी आवाजाही प्रभावित न हो और किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित कराना और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि वे बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनें और स्वयं के साथ अपने परिवार एवं समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकें।

अभियान में न्यायाधीश प्रज्ञा तिवारी, एआरटीओ अमित कुमार, सीओ अस्मिता ममगाईं, आरआई टेक्निकल विकास कुमार सहित परिवहन विभाग की टीम शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779097 Articles

Share this story