सेनेटरी नैपकिन की गुणवत्ता पर सवाल उठा वितरण करने से किया इनकार

WhatsApp Channel Join Now
सेनेटरी नैपकिन की गुणवत्ता पर सवाल उठा वितरण करने से किया इनकार


नई टिहरी, 30 सितंबर (हि.स.)। विभिन्न लंबित मांगों सहित गांवों में वितरित किए जा रहे सेनेटरी नैपकिन की गुणवत्ता को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर विशाल जुलूस-प्रदर्शन किया।

उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सेनेटरी नैपकिन वितरण करने से इनकार कर दिया। जल्द ही मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। मामले में डीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा।

बुधवार को जिलेभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेविका और मिनी आंगनबाड़ी कर्मचारी संगठन ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। संगठन की जिलाध्यक्ष सोनी, चंबा ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पा सजवाण कहा कि विभाग की ओर से पूर्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराए गए थे। वर्ष 2018 से 2026 तक का बकाया भी कार्यकर्ताओं से वसूल किया जा चुका है।

कहा नैपकिन की गुणवत्ता घटिया और कीमत अधिक होने के कारण किशोरियां व महिलाएं लेने से इनकार कर रही हैं। जिस कारण कार्यकर्ताओं को अपनी जेब से नैपकिन की धनराशि जमा करनी पड़ती है। विभाग को पत्र से समस्या से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा सेनेटरी नैपकिन जिले में भेजी जा रही हैं। कार्यकर्ताओं पर इन्हें वितरित करने और धनराशि जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है।

उन्होंने नैपकिन की गुणवत्ता की जांच कराने और कार्यकर्ताओं से जबरन धनराशि जमा नहीं कराने की मांग की। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मानदेय बढ़ाने, सेवानिवृत्ति पर आर्थिक सहायता देने की मांग की। राज्य सरकार से मानदेय में 140 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि करने तथा केंद्र सरकार को 150 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि का प्रस्ताव भेजने की मांग की। सेवानिवृत्त होने पर 10 लाख रुपये की धनराशि देने की मांग उठाई।

इस मौके पर रेखा रौथाण, मीना गुसाईं, नीलम डोभाल, शकुंतला बिष्ट, कविता देवी, अनीत रावत, सरिता कंडियाल, लक्ष्मी बिष्ट, सविता सेमवाल, विजय देवी, रजनी देवी, नीलम नेगी आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story