सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन अभियान: पिथौरागढ़ न्यायालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन अभियान: पिथौरागढ़ न्यायालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम


पिथौरागढ़, 25 मई (हि.स.)। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार एवं जिला जज व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पिथौरागढ धनंजय चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पिथौरागढ़ ने जनपद न्यायालय परिसर पिथौरागढ़ में सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन अभियान का आयोजन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में ईंधन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों व जनपद ईंधन की बचत के लिए प्रेरित करते हुए वैक्ल्पिक परिवहन अपनाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर जिला जज व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पिथौरागढ धनंजय चतुर्वेदी द्वारा बताया गया कि वर्तमान समय में ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह ईंधन की बचत को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाए।

उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षित ईंधन सुरक्षित जीवन अभियान के अंतर्गत न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों से सप्ताह में दो दिन विशेष रूप से सोमवार एवं शनिवार को पैदल अथवा साइकिल से न्यायालय परिसर आने का अनुरोध किया गया है। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों से साझा वाहन का उपयोग करने की अपील भी की गई, जिससे ईंधन की बचत के साथ साथ प्रदूषण में कमी लाई जा सके।

अभियान को व्यवहारिक रूप से अपनाते हुए न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण एवं कर्मचारी भाटकोट तिराहे से शनिवार के दिन पैदल चलकर न्यायालय परिसर पहुंचे और साथ ही यह संदेश दिया गया कि नियमित पैदल चलना न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी होता है। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमन, सिविल जज (सीडि) रमेश चन्द्र, सिविल जज (जूडि) शिव सिंह, जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष, पिथौरागढ़ मोहन चन्द्र भट्ट, आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल

Share this story