सहकारिता से सशक्त होंगे किसान, युवा और महिलाएं : धन सिंह

WhatsApp Channel Join Now
सहकारिता से सशक्त होंगे किसान, युवा और महिलाएं : धन सिंह


पौड़ी गढ़वाल, 29 जून (हि.स.)। सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों को सहकारिता की शपथ दिलायी गयी। साथ ही सहकारिता विभाग के मोबाइल एटीएम वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जनपद में यह अभियान 29 जून से 6 जुलाई तक विभिन्न जागरुकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में देश में सहकारिता क्षेत्र को नई पहचान और नई दिशा मिली है। राज्य सरकार का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाकर किसानों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों को डिजिटल एवं आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जिससे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के एक लाख युवाओं को सहकारिता से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, विपणन सुविधाएं तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध करायी जा रही है। अब तक 1,500 किसानों को ब्याज मुक्त ऋण का लाभ दिया जा चुका है। बेहतर कार्य करने वाले किसानों को अधिक ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही प्रत्येक जनपद से 10 प्रगतिशील किसानों को अध्ययन भ्रमण के लिए देश के विभिन्न राज्यों में भेजा जाएगा।

कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार जैविक खेती को प्रोत्साहित कर रही है। किसान सम्मेलनों के माध्यम से आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वीर माधो सिंह भंडारी योजना के तहत भी किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य सरकार मंडुवा 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीद रही है, जिससे पर्वतीय किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story