समिति के स्वर्ण जयंती वर्ष पर मैंडखाल में कार्यक्रम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
समिति के स्वर्ण जयंती वर्ष पर मैंडखाल में कार्यक्रम का आयोजन


नई टिहरी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। थौलधार ब्लॉक की पट्टी गुसाईं टिहरी गढ़वाल विकास संगठन समिति दिल्ली ने स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर राजकीय इंटर कॉलेज मैंडखाल में स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया। समारोह में संगठन की 50 वर्षों की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

शनिवार को मैंडखाल में आयोजित समारोह का धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, आरडब्ल्यूडी परिषद के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट और भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। विधायक पंवार ने कहा कि दिल्ली में रहकर भी अपने ग्रामीण क्षेत्र के विकास और विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए इस तरह का आयोजन करना सराहनीय है। उन्होंने जीआईसी मैंडखाल में कोटा स्टोन लगाने के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की।

शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 9 से 12 तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र दिए गए। संगठन के अध्यक्ष महावीर सिंह केमवाल ने कहा कि विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना और उनमें शिक्षा के प्रति प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना कार्यक्रम का उद्देश्य है।

उपाध्यक्ष मुरारी लाल खंडूरी ने कहा कि भविष्य में दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर में रहने वाले क्षेत्रवासियों को भी संगठन से जोड़कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। 1976 में दिल्ली में रह रहे पट्टी गुसाईं क्षेत्र के बुद्धिजीवियों और समाज हितैषी लोगों ने संगठन की स्थापना की।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766002 Articles

Share this story