सप्ताहांत पर कैंची धाम-भवाली-भीमताल में यातायात व्यवस्था बदली, निजी वाहनों के लिए पार्किंग व शटल सेवा अनिवार्य

WhatsApp Channel Join Now
सप्ताहांत पर कैंची धाम-भवाली-भीमताल में यातायात व्यवस्था बदली, निजी वाहनों के लिए पार्किंग व शटल सेवा अनिवार्य


सप्ताहांत पर कैंची धाम-भवाली-भीमताल में यातायात व्यवस्था बदली, निजी वाहनों के लिए पार्किंग व शटल सेवा अनिवार्य


नैनीताल, 18 सितंबर (हि.स.)। इस सप्ताहांत के दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 19 और 20 सितंबर को सुबह 6 से रात 8 बजे तक विशेष यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। अलबत्ता यह भी कहा है कि यातायात दबाव के अनुसार व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किया जा सकता है।

जारी की गयी नयी यातायात व्यवस्था के अनुसार अल्मोड़ा-रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब एवं खैरना क्षेत्र से आवश्यकतानुसार रामगढ़-मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी भेजा जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं के भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति रहेगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली सैनेटोरियम तिराहे पर रोककर चरणबद्ध तरीके से भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर रामगढ़ एवं खुटानी मार्ग का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

वहीं, हल्द्वानी की ओर से भीमताल होते हुए कैंची धाम आने वाले निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा अथवा सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा। इसी तरह नैनीताल-गेठिया की ओर से आने वाले निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा और आगे शटल सेवा से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा। वापसी के लिए भी शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

जबकि भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार रामगढ़ एवं खुटानी मार्ग से भेजा जा सकेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर क्वारब-रामगढ़-रातीघाट बाईपास मार्ग से भेजने तथा अधिक दबाव की स्थिति में चरणबद्ध संचालन की व्यवस्था रहेगी। कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों का अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और केवल निर्धारित अथवा अधिकृत वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा।

साथ ही स्पष्ट किया गया है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों को सड़क किनारे या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित पार्किंग भरने पर वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस एवं अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग, डायवर्जन एवं शटल सेवा व्यवस्था का पालन कर सहयोग करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story