संघ भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
संघ भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का किया निरीक्षण


पौड़ी गढ़वाल, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन, उत्तराखंड जनपद पौड़ी गढ़वाल के संघ निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया। मौके पर लगभग एक नाली भूमि उपलब्ध पाई गई।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने भूमि को संघ भवन निर्माण के लिए उपयुक्त पाया। गुरुवार को एसोसिएशन के अनुरोध पर संघ भवन निर्माण के लिपए पूर्व में घोषित 25 लाख रुपये की धनराशि के क्रम में महत्वपूर्ण प्रगति हुई। संघ भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में जिलाधिकारी पौड़ी एस स्वाति भदौरिया से पूर्व में वार्ता की गई थी, जिसमें चिकित्सा विभाग की एक खाली पड़ी भूमि पर संघ भवन निर्माण हेतु अनुरोध किया गया।

इस पर जिलाधिकारी गढ़वाल द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भूमि अधिग्रहण एवं आवश्यक कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए गए। गुरुवार को विधायक राजकुमार पोरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. एम. शुक्ला, प्रमुख अधीक्षक एलडी सेमवाल, विभागीय अवर अभियंता आयुष मोहन, संजय नेगी, पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संघ जनपद पौड़ी गढ़वाल, मण्डल अध्यक्ष फेडरेशन रेवती नंदन डंगवाल, जसपाल रावत, दीपक गोड़ियाल आदि ने भूमि का निरीक्षण किया।

उन्होंने संघ भवन निर्माण को कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं बहुप्रतीक्षित उपलब्धि बताते हुए इस कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की अपेक्षा व्यक्त की। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सीताराम पोखरियाल ने कहा कि जनपद पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड का भौगोलिक दृष्टि से सबसे बड़ा जनपद है, जिसमें 15 विकास खण्ड शामिल हैं। दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले कर्मचारियों को आवासीय एवं बैठकों हेतु उपयुक्त सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संघ भवन का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। यह भवन न केवल कर्मचारियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि संगठनात्मक गतिविधियों को भी सुदृढ़ करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story