श्री डांडा नागराजा मंदिर में मेले में उमड़े श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
श्री डांडा नागराजा मंदिर में मेले में उमड़े श्रद्धालु


पौड़ी गढ़वाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। कोट ब्लाक के श्री डांडा नागराजा मंदिर में बैसाख पर्व के दूसरे दिन आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लोकगायकों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

बुधवार को मंदिर परिसर में आयोजित मेले में सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के तहत शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण की आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। इस दौरान लोक गायक मुकेश कठैत, मनीष लखेड़ा, धनराज शौर्य, शिवांगी शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने भजनों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

इससे पूर्व मेले का उदघाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी और प्रवासी अतिथि अरुण भट्ट, धर्म क्षेत्र के अध्यक्ष सुभाष देशवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अतिथियों ने मेला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेले में लोकगायक मुकेश कठैत व अन्य कलाकारों ने भजनों की शानदार प्रस्तुति दी।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख गणेश कोली, ज्येष्ठ प्रमुख उपेंद्र भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं, बीडीओ शिव सिंह भंडारी, पूर्व प्रमुख पूर्णिमा नेगी, समिति अध्यक्ष कमलेश चमोली, आनंद सिंह नेगी, विनोद दनोसी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story