शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी, कैंची धाम में पंजीकरण व्यवस्था पर विचार

WhatsApp Channel Join Now
शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी, कैंची धाम में पंजीकरण व्यवस्था पर विचार


नैनीताल, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार और पर्यटन विभाग मिलकर प्रयास कर रहे हैं। बीते वर्षों में कैंची धाम प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभरा है। अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में स्थलों की वहन क्षमता के अनुसार आगंतुकों को प्रवेश देने की व्यवस्था बनाने पर काम किया जा रहा है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पंजीकरण के लिए एप तैयार करने का कार्य शासन स्तर पर चल रहा है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य ने शीतकालीन पर्यटन पर बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हल्द्वानी व भीमताल में विशेष कार्निवाल और मुक्तेश्वर से एमटीबी माउंटेन बाइक रेस का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रतिभागी लगभग 680 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं। इसका समापन मसूरी में होगा। पर्यटन विभाग की ओर से जल्द ही हिमालयन माउंटेन कार रैली का आयोजन भी प्रस्तावित है।

कीर्ति आर्य ने कहा कि कुमाऊं में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विवेकानंद सर्किट विकसित किया जा सकता है। नैनीताल जिले के ओखलकांडा में स्थित हरीशताल आकर्षक झील है। यहां झील के सुंदरीकरण सहित अन्य कार्य प्रस्तावित हैं। हरीशताल को पर्यटन मानचित्र पर लाकर पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है। ओखलकांडा में ही देवगुरु बृहस्पति मंदिर तक लगभग 8 किलोमीटर की ट्रेकिंग को लोकप्रिय बनाने की संभावनाएं हैं। इंटरनेट मीडिया और वेबसाइट के माध्यम से पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पर्यटन स्थलों के विकास में भूमि संबंधी दिक्कतें आती हैं, जिनका प्रशासन के माध्यम से समाधान किया जा रहा है। हालांकि, निजी भूमि से जुड़ी समस्याओं के समाधान में बाधाएं स्वाभाविक हैं। कैंची धाम सहित नैनीताल और अन्य स्थानों पर वहन क्षमता के अनुसार आगंतुकों के पंजीकरण की व्यवस्था बनाने का मामला शासन स्तर पर विचाराधीन है। कैंची धाम में सीजन के दौरान रोजाना 20 से 25 हजार, जबकि ऑफ सीजन में 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है।

कीर्ति आर्य ने बताया कि पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्वरोजगार और रोजगार की नई संभावनाएं सृजित हो रही हैं। जिले में एक हजार से अधिक होम स्टे संचालित हैं। उनके अनुसार, प्रत्येक होम स्टे संचालक एक लाख रुपये से अधिक की कमाई कर रहा है। इसके अलावा होटल और रेस्टोरेंटों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है।

उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए सुगम पर्यटन के साथ सुरक्षा की व्यवस्था भी विभाग और प्रशासन की प्राथमिकता है। अत्यधिक बर्फबारी वाले क्षेत्रों और कठिन चोटियों पर बिना दक्ष गाइड के ट्रेकिंग नहीं की जानी चाहिए। शीतकाल में पर्यटकों को स्थानीय गाइड या टूर ऑपरेटर के बिना सीधे दुर्गम क्षेत्रों में नहीं जाना चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही से अप्रिय घटना हो सकती है।

साथ ही उन्होंने बताया कि रामनगर, मुक्तेश्वर और रामगढ़ वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी विकसित हो रहे हैं। कीर्ति आर्य के अनुसार, इन क्षेत्रों में सालाना औसतन 300 से अधिक शादियां हो रही हैं। पर्यटन विभाग प्रदेश में अन्य स्थानों पर भी संभावनाओं के अनुसार नए पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने पर जोर दे रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story