शिकायतें 22, समाधान के लिए फिर मौके पर जांच के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
शिकायतें 22, समाधान के लिए फिर मौके पर जांच के निर्देश


पौड़ी गढ़वाल, 05 अक्टूबर (हि.स.)।जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित जनता दर्शन में सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पानी, बिजली, परिवहन, स्वास्थ्य और नगर निकाय से जुड़ी 22 शिकायतें दर्ज कराईं। कई मामलों में समस्या के समाधान के बजाय संबंधित विभागों को एक बार फिर मौके पर जाकर जांच और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन में खिर्सू के संपर्क मार्ग पर पेयजल लाइन, ग्वाड़ गांव में जर्जर विद्युत पोल, पौड़ी गांव में पेयजल आपूर्ति, कल्जीखाल में सड़क मरम्मत और बस संचालन समेत कई मामले सामने आए। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्वाड़ गांव में जर्जर विद्युत पोल का मामला सामने आने पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा गया। खिर्सू के सिंगोरी गांव में पशुधन मुआवजे के मामले में वन विभाग को जांच के निर्देश दिए गए। वहीं, घंडियालधार-कुनकली सड़क की मरम्मत के मामले में लोनिवि को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया।

जनता दर्शन में पौड़ी बस अड्डे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी उठी। इस पर पुलिस विभाग को पहले सर्वे करने और उसके बाद आवश्यक स्थानों पर कैमरे लगाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नगर पालिका के वार्ड पांच में रास्तों की मरम्मत और उरंडी में हर घर नल योजना से जुड़ी शिकायतों पर भी मौके का परीक्षण कराने को कहा गया।

सबसे अहम बात यह रही कि प्रशासन को जनता दर्शन में पहले से प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा करनी पड़ी। एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों पर केवल निर्देश जारी न हों, बल्कि उनका नियमित फॉलोअप करते हुए वास्तविक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और आवेदकों को भी कार्रवाई की जानकारी दी जाए।

जनता दर्शन में लगातार सड़क, पानी, बिजली और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामले पहुंचना इस बात की ओर भी इशारा करता है कि कई स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को अब भी अधिकारियों के दरबार तक पहुंचना पड़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story