शहर की स्वच्छता को लेकर चलेगा अभियान, महापौर ने दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
शहर की स्वच्छता को लेकर चलेगा अभियान, महापौर ने दिए निर्देश


देहरादून, 16 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम देहरादून में महापौर सौरभ थपलियाल की अध्यक्षता व नगर आयुक्त नमामी बंसल के नेतृत्व में स्वास्थ्य अनुभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शहर में संचालित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, रूट कवरेज में सुधार, तथा स्रोत पर कचरा पृथक्करण को सुदृढ़ बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने कचरा संग्रहण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों कै एक सप्ताह के भीतर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, शहर में बढ़ते मच्छरों एवं डेंगू के खतरे को देखते हुए नियमित फॉगिंग व लार्वीसाइडल स्प्रे करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में नालियों व नदी-नालों की नियमित एवं समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने, कूड़ा निस्तारण प्वाइंट को प्राथमिकता से चिन्हित कर समय पर साफ करने के साथ ही शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखने के लिए कहा गया।

आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को अभी से रणनीतिक योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि देहरादून शहर स्वच्छता के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।महापौर ने आपसी समन्वय व प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story