विश्वकर्मा दिवस पर टीएचडीसी इंडिया में मशीनों और औजारों की पूजा
नई टिहरी, 17 सितंबर (हि.स.)। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की टिहरी इकाई में विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर विधि-विधान के साथ आराधना कर मशीनों की पूजा की गई। उन्होंने मिष्ठान वितरण कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
वीरवार को टीएचडीसी के सीजीएम (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आरआर सेमवाल और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने कॉर्पोरेशन की उन्नति, परियोजनाओं की प्रगति और सुचारू एवं सुरक्षित संचालन के लिए पावर हाउस, यांत्रिक इकाई कोटी, 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन भागीरथीपुरम, एचपीपी (पावर हाउस), पीएसपी (पावर हाउस) यांत्रिक विभाग कोटी हाइड्रो मैकेनिकल सहित विभिन्न स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के साथ हवन किया।
सीजीएम सेमवाल ने कहा विश्वकर्मा दिवस श्रम, निर्माण, तकनीकी कौशल, सृजन एवं नवाचार के प्रति सम्मान का प्रतीक है। भगवान विश्वकर्मा को सृजन एवं निर्माण का देवता माना जाता है। उनके आदर्श हमें अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता, समर्पण एवं तकनीकी दक्षता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
आधुनिक तकनीक के निरंतर विकास के साथ औद्योगिक एवं ऊर्जा क्षेत्र में भी नवाचार और तकनीकी क्षमता की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर तकनीकी यंत्रों, औजारों, मशीनों, विद्युत उपकरणों, कंप्यूटर एवं अन्य कार्याेपयोगी उपकरणों की पूजा-अर्चना की गई। इस मौके पर जीएम विजय सहगल, एसके साहू, एजीएम भगत सिंह, एपी बाजपेई, बीडी सेमवाल, संजय पंवार, विपिन सकलानी, डीजीएम मोहन सिंह श्रीस्वाल, एलएस बिष्ट, वरिष्ठ प्रबंधक टीएस नेगी, प्रबंधक (जनसंपर्क) मनबीर सिंह नेगी, दीपक उनियाल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

