वार्षिकोत्सव में रंगारंग कार्यक्रम, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र सम्मानित
नैनीताल, 27 अप्रैल (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध रामगढ़ महाविद्यालय में सोमवार को वार्षिकोत्सव समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. विश्वनाथ खाली ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं को जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने और नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सच्ची शिक्षा वही है जिसमें मानवीय गुणों का समावेश हो।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नगेंद्र द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताया, जबकि प्रो.माया शुक्ला ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, कुमाऊनी लोकनृत्य तथा गजल प्रस्तुति से आकर्षक प्रदर्शन किया, जिसमें ललिता रावत एवं दिव्या नेगी की प्रस्तुतियों ने विशेष सराहना प्राप्त की। डॉ.हरीश राम ने प्रस्तुतीकरण दिया तथा हिमानी आर्य, कुमकुम रतन और आरती ने महाविद्यालय का फीडबैक प्रस्तुत किया।
क्रीड़ा प्रतियोगिता में पवन कुमार और नित्या साह को चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ.निर्मला रावत ने किया। इस अवसर पर डॉ.हरीश जोशी, कविंद्र प्रसाद, दीप्ति, कमलेश, गणेश, प्रेम भारती, मोहिता, कमल, प्रियांशु, सारांश, पायल सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

