लखवाड़ बांध प्रोजेक्ट में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण में लाएं तेजी

WhatsApp Channel Join Now
लखवाड़ बांध प्रोजेक्ट में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण में लाएं तेजी


नई टिहरी, 10 सितंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल ने अधिकारियों को जौनपुर ब्लॉक स्थित लखवाड़ बांध परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परियोजना क्षेत्र की कुल परिसंपत्तियों, वितरित मुआवजे और लंबित प्रकरणों की स्पष्ट स्थिति बताने वाली तथ्यात्मक रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने को कहा है।

वीरवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में परियोजना की समीक्षा बैठक में डीएम ने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन काश्तकारों और ग्रामीणों ने अनापत्ति प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिए हैं, उनके प्रकरणों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई में अनावश्यक विलंब न हो।

बैठक में बताया गया कि प्रभावित क्षेत्र में भूमि और परिसंपत्तियों को तीन श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। इनमें खाली भूमि, विभागीय भूमि, अधिग्रहण के बाद अस्थायी कब्जे वाली भूमि तथा अधिग्रहण से पूर्व की परिसंपत्तियां और पेड़ शामिल हैं। श्रेणी-दो की भूमि का संयुक्त निरीक्षण पूरा हो चुका है। जिन प्रकरणों में कब्जे प्राप्त हो गए हैं, उनमें भुगतान की कार्रवाई के लिए प्रकरण भेजे जा रहे हैं। बैठक में एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, एसडीएम धनोल्टी अंशुल भट्ट, एसएलएओ नीलू चावला, डीजीएम लखवाड़ बांध परियोजना शिवदास, तहसीलदार धनोल्टी मो. शादाब आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story