राहुल गांधी पर मुकदमे के खिलाफ कांग्रेस का सत्याग्रह

WhatsApp Channel Join Now


हल्द्वानी , 03 सितंबर (हि.स.)। दलितों के उत्पीड़न और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बुद्ध पार्क में सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया।

सत्याग्रह में राजीव गांधी पंचायती राज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पवार भी शामिल हुए।आंदोलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चरखा चलाकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और पुलिस के खिलाफ आक्रोश जताते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को विरोध की आवाज दबाने के बजाय जनहित से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

सत्याग्रह के दौरान रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण प्रकरण का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेताओं ने अपनी मांगें प्रमुखता से उठाईं। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, नगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, राधा आर्या, सुनील पवार, ललित फर्स्वाण, नीरज तिवारी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story