रामगढ़ महाविद्यालय के 13 छात्र देवभूमि उद्यमिता बूट कैंप के लिए रवाना
नैनीताल, 20 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल जनपद के राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ के 13 छात्र-छात्राओं का चयन तीन दिवसीय देवभूमि उद्यमिता बूट कैंप के लिए हुआ है। चयनित छात्र-छात्राएं हल्द्वानी के गौलापार स्थित प्रसार एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित शिविर में प्रतिभाग करने के लिए आज रवाना हुए।
महाविद्यालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यार्थियों का चयन गत माह आयोजित अभिन्न्यास कार्यक्रम की लिखित एवं मौखिक परीक्षा के आधार पर किया गया है। बूट कैंप में प्रतिभागी छात्र-छात्राएं स्वरोजगार, स्टार्टअप और अपने उत्पादों के प्रस्तुतीकरण से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके उपरांत अगले चरण के लिए प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
शिविर में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। रामगढ़ महाविद्यालय के देवभूमि उद्यमिता कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र जोशी बूट कैंप में टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। चयनित प्रतिभागियों में सचिन (ग्रुप लीडर), माही, गरिमा, निशा, ममता, महेंद्र, प्रकाश, मयंक, ललिता, कुमकुम, दीपशिखा, तनुजा और रोशनी शामिल हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नगेंद्र द्विवेदी, जिला नोडल अधिकारी भूपेंद्र मेहरा, डॉ. निर्मला रावत, डॉ. नीमा पंत, डॉ. हरेश राम, कविंद्र प्रसाद, सुश्री दीप्ति, कुंदन, गणेश, कमलेश तथा प्रेम भारती ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की। उल्लेखनीय है कि इस बूट कैंप का आयोजन देवभूमि उद्यमिता संस्थान, उत्तराखंड शासन तथा भारतीय उद्यमिता संस्थान, अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें विद्यार्थियों को उद्यमिता, नवाचार और स्वरोजगार के क्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

