राज्य स्थापना दिवस पर नैनीताल में मैराथन, नौकायन और हिमालय फूड फेस्टिवल
नैनीताल, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने इस अवसर पर मुख्य राजकीय भवनों के साथ कुमाऊं मंडल विकास निगम के कार्यालयों और पर्यटक आवास गृहों को भी को एलईडी बल्बों से रोशन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस पर डीएसए मैदान मल्लीताल से मैराथन दौड़ आयोजित होगी, जिसमें विद्यार्थी तथा एनसीसी के कैडेट और एनएसएस के स्वयं सेवक प्रतिभाग करेंगे। दौड़ में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। उधर हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम से भी मैराथन दौड़ आयोजित होगी।
इसके अतिरिक्त प्रातः नौ बजे तल्लीताल चिड़ियाघर रोड स्थित राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय प्रताप सिंह शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद सुबह 10 बजे डीएसए मैदान में मुख्य समारोह, दोपहर 12 बजे नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता और अपराह्न एक बजे हिमालय फूड फेस्टिवल आयोजित होगा। फूड फेस्टिवल में पहाड़ के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लगाये जाएंगे।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड प्रस्तुति, झांकियां और छोलिया नृत्य के आकर्षण भी होंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, प्रकाश, विद्युत, पेयजल, चिकित्सा, यातायात और अतिथि सत्कार सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ अस्वाल, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार पंत, एसडीएम अनुराग आर्या, रेखा कोहली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

