रविदास जयंती हिंसा मामला: एक और फरार आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रविदास जयंती हिंसा मामला: एक और फरार आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 03 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिनारसी में रविदास जयंती के दिन हुई गोलीबारी, दोहरी हत्या और हिंसा के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक और फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 01 फरवरी को रविदास जयंती की शोभायात्रा शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद शाम के समय पुरानी रंजिश के चलते आरोपी विशाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव निवासी आनंद की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने प्रतिशोध में विशाल पक्ष के मांगेराम की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। इसके साथ ही कुछ घरों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई।

मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर थाना भगवानपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जबकि अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी थी।

वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने लगातार अभियान चलाते हुए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा। इसी क्रम में शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बिनारसी से फरार चल रहे आरोपी बबलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story