रविग्राम खेल मैदान : स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने खेल मैदान के प्रस्तावित स्वरूप में बदलाव का किया आग्रह

WhatsApp Channel Join Now
रविग्राम खेल मैदान : स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने खेल मैदान के प्रस्तावित स्वरूप में बदलाव का किया आग्रह


गोपेश्वर, 28 नवंबर (हि.स.)। खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत जोशीमठ के रविग्राम में प्रस्तावित मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा, इससे स्थानीय युवाओं एवं उभरते खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

प्रस्तावित मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सिंथेटिक ट्रैक एवं मल्टीप्लेक्स भवन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को धरातल पर उतारने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करते हुए कार्य प्रारंभ करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से क्षेत्रीय जनता की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई। इसमें खेल मैदान के प्रस्तावित निर्माण स्वरूप में स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनभावनाओं के अनुरूप बदलाव किए जाने का अनुरोध किया गया। जिलाधिकारी ने इस पर उपजिलाधिकारी जोशीमठ एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं एवं सुझावों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में क्षेत्र की जरूरतों का ध्यान रखा जाए, ताकि प्रस्तावित खेल मैदान का अधिकतम लाभ स्थानीय युवाओं एवं आम जनता को मिल सके और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।

बैठक में जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र द्विवेदी, डीजीएम डीएस गर्बियाल सहित जोशीमठ के स्थानीय जनप्रतिनिधि ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story