यूओयू में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
यूओयू में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ


हल्द्वानी , 02 अगस्त (हि.स.)। राज्यपाल सचिवालय, उत्तराखण्ड तथा भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में संचालित नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत रविवार को उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी की एंटी ड्रग सेल द्वारा नशामुक्ति जागरूकता एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने नशामुक्त रहने व समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण एवं अवलोकन से हुआ। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण, युवा शक्ति तथा नशामुक्त भारत के निर्माण से जुड़े प्रेरणादायी विचारों को सुना। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी ने की। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के निर्माण के लिए उनका स्वस्थ, जागरूक एवं अनुशासित होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।

एंटी ड्रग सेल के प्रभारी डॉ. भानु प्रकाश जोशी ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से योग, खेल एवं सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर डॉ. सीता, डॉ. जगमोहन एवं डॉ. दिनेश कांडपाल सहित एंटी ड्रग सेल के सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में योग विभाग के अध्यापकों एवं प्रशिक्षकों ने भी सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त युवा–विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए सामूहिक शपथ ग्रहण की और नशामुक्त उत्तराखण्ड तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story