मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर नई टिहरी में सत्याग्रह आंदोलन जारी

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर नई टिहरी में सत्याग्रह आंदोलन जारी


नई टिहरी, 08 अगस्त (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहा जन जागरण सत्याग्रह आंदोलन को लगातार जन समर्थन मिल रहा है। शनिवार को सातवें दिन कई लोग धरने पर बैठे। श्रीदेव सुमन पार्क में आंदोलनकारियों ने धरना देकर मेडिकल कॉलेज के निर्माण और जिला अस्पताल बौराड़ी को उसका बेस अस्पताल बनाए जाने की मांग उठाई।

बीते शुक्रवार को संपन्न हुई कैबिनेट बैठक में मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव नहीं आने पर आंदोलनकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट के नेतृत्व में स्थानीय लोग धरने पर बैठे। भट्ट ने कहा कि विधायक किशोर उपाध्याय की ओर से शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में मेडिकल कॉलेज निर्माण का प्रस्ताव आने का दावा किया गया था, लेकिन बैठक में मेडिकल कॉलेज को लेकर न तो कोई चर्चा हुई और न ही एजेंडे में प्रस्ताव रखा गया।

इससे मेडिकल कॉलेज को लेकर जनप्रतिनिधियों की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को मेडिकल कॉलेज के नाम पर जनता को गुमराह करने के बजाय स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल जिला अस्पताल बौराड़ी को ही बनाया जाना चाहिए। इससे मेडिकल कॉलेज का संचालन जल्द शुरू हो सकता है। यदि मेडिकल कॉलेज निर्माण के मामले में जल्द उचित निर्णय नहीं लिया गया तो 16 अगस्त से आंदोलन को उग्र किया जाएगा।

धरने पर अनुसूया प्रसाद नौटियाल, मनोहन लाल कुडियाल, बिजल दास, भगवान चंद रमोला, राहुल बुटोला, नवीन सेमवाल, सतेंद्र सिंह, सुषमा भट्ट, हर्षिता उनियाल, उर्मिला सुयाल, प्रतिमा भट्ट, अनिता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story